Health

डीएम पहुंचे जिला अस्पताल... बिजली न होने पर जताई नाराजगी, जमीन पर सोते मिले मरीजों के परिजन,CMS से स्पष्टीकरण मचा हड़कम्प

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो : जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने जिला संयुक्त चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। जिलाधिकारी द्वारा पूर्वाह्न लगभग 11:25 पर जिला चिकित्सालय पहुंचे और संयुक्त चिकित्सालय की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने इमरजेंसी, सिटी स्कैन सेंटर, ड्रग स्टोर और विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय चिकित्सालय में बिजली न होने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। जेनरेटर द्वारा  विद्युत आपूर्ति को तत्काल शुरू किया गया। निरीक्षण के दौरान मरीजों के तीमारदार वार्डों के बाहर जमीन पर सोते मिले। जिलाधिकारी ने इस पर सख्त नाराजगी जताते हुए, मरीजों के परिजनों के विश्राम व सोने की समुचित व्यवस्था करने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की अव्यवस्था जिला चिकित्सालय में अस्वीकार्य है। इसी प्रकार पूर्व में निर्देश दिए जाने के बावजूद ड्रग स्टोर के स्थान्तरित न किये जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए स्पष्टीकरण भी देने का निर्देश दिया। उन्होंने परिसर में गंदगी  मिलने पर भी रोष व्यक्त किया। उन्होंने चेतावनी देते हुए अस्पताल की व्यवस्था को दुरुस्त करने का निर्देश दिया। सीएमएस डॉ. ए.के. द्विवेदी के निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित रहने पर स्पष्टीकरण देने का निर्देश भी दिया गया। निरीक्षण के दौरान डॉ. ए.बी.त्रिपाठी, डॉ पारितोष सिंह, फार्मासिस्ट कमाल खान उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें : बड़ी खबर : एसीएमओ व नायब तहसीलदार का अल्ट्रासाउण्ड केंद्रो पर छापा, दो सील, संचालकों में मचा हड़कंप