वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, जंगली सूअर का अवैध शिकार करने वाला एक शिकारी गिरफ्तार
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो :- पकड़ी रेंज के धगरहवा प्रथम बीट में गुरुवार को वन विभाग की टीम ने जंगली सूअर के अवैध शिकार में शामिल एक व्यक्ति को मय शिकार के साथ गिरफ्तार किया। वहीं उसके अन्य साथी जंगल की झाड़ियों का फायदा उठाकर फरार हो गए। सूचना पर पकड़ी रेंज के वनाधिकारियों ने तत्काल घेराबंदी कर कार्रवाई की। पकड़े गए अभियुक्त और शिकार को विधिक प्रक्रिया के तहत पकड़ी रेंज कार्यालय लाया गया। वन विभाग ने शिकार का पोस्टमार्टम कराते हुए आरोपी को जेल भेज दिया। इस कार्रवाई में वन दारोगा विपुल कुमार मिश्रा, गौरव त्रिपाठी, ब्रजेश चौहान, वन रक्षक दीपक साहनी, विक्रांत सिंह तथा दैनिक सुरक्षा कर्मी सूरज शामिल रहे। डीएफओ निरंजन सर्वे ने बताया कि वन्यजीव संरक्षण विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अवैध शिकार या वन्यजीवों को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। टीम ने सराहनीय कार्य किया है। वन विभाग अब फरार आरोपियों की तलाश में जुट गया है और जंगल क्षेत्र में गश्त तेज कर दी गई है।
यह भी पढ़ें : मनरेगा में धांधली का कमाल,खरीफ़ के मौसम में उगाई जा रही रबी की फसल