महराजगंज में मिशन शक्ति की अनोखी पहल — कक्षा 8 की अनामिका बनीं एक दिन की महिला थानाध्यक्ष
छात्राओं ने सीखी एफआईआर प्रक्रिया, आत्मरक्षा तकनीक और साइबर सुरक्षा के उपाय
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- महिलाओं और बालिकाओं में आत्मनिर्भरता, सुरक्षा जागरूकता और नेतृत्व क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से चल रहे मिशन शक्ति अभियान ने गुरुवार को महराजगंज में एक प्रेरक उदाहरण पेश किया। उच्च प्राथमिक कंपोजिट विद्यालय चौपरिया की छात्रा अनामिका कुमारी को एक दिन के लिए महिला थाना महराजगंज की थानाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई, जहां उन्होंने वास्तविक पुलिस कार्यप्रणाली को समझते हुए आत्मविश्वास और नेतृत्व का महत्वपूर्ण अनुभव प्राप्त किया। मिशन शक्ति अभियान के तहत जिले में बालिकाओं को सशक्त और जागरूक बनाने के उद्देश्य से गुरुवार, 6 नवंबर 2025 को एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में उच्च प्राथमिक कंपोजिट विद्यालय चौपरिया की कक्षा 8 की छात्रा अनामिका कुमारी पुत्री अक्षय कुमार को एक दिन की महिला थानाध्यक्ष बनाया गया। छात्रा अनामिका को महिला थाना महराजगंज की प्रभारी निरीक्षक सरोजिनी वर्मा ने पुलिस कार्यप्रणाली, कार्यालय प्रक्रिया और महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनों की जानकारी विस्तार से दी। अनामिका ने महिला थाने में एफआईआर दर्ज करने की विधि, शिकायत निस्तारण प्रक्रिया, घरेलू हिंसा, दहेज प्रताड़ना और महिला उत्पीड़न से जुड़ी कानूनी प्रावधानों को समझा। इस दौरान महिला थाना प्रभारी ने कहा कि मिशन शक्ति का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं को आत्मनिर्भर, जागरूक और साहसी बनाना है ताकि वे न केवल अपनी सुरक्षा कर सकें बल्कि समाज में नेतृत्व का उदाहरण भी प्रस्तुत कर सकें। कार्यक्रम में महिला आरक्षी प्रियंका सिंह और नीलम यादव ने छात्राओं को आत्मरक्षा तकनीक, साइबर सुरक्षा, और महिला हेल्पलाइन 1090, 181, एवं आपातकालीन सेवा 112 के महत्व के बारे में बताया। विद्यालय की छात्राओं ने भी पुलिस कर्मियों से सवाल पूछे और अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम ने न केवल छात्राओं में उत्साह भरा, बल्कि महिलाओं की सुरक्षा और अधिकारों के प्रति सकारात्मक संदेश भी दिया।
यह भी पढ़ें : मनरेगा में धांधली का कमाल,खरीफ़ के मौसम में उगाई जा रही रबी की फसल