भीषण गर्मी में महराजगंज पुलिस की पहल, सभी थानों पर शुरू हुआ ‘जनता प्याऊ
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- पुलिस ने भीषण गर्मी के बीच आमजन को राहत देने के लिए एक सराहनीय पहल शुरू की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में रविवार से जिले के सभी थानों और चौकियों पर ‘जनता प्याऊ’ की व्यवस्था शुरू कर दी गई है। इसका उद्देश्य थानों पर आने वाले फरियादियों के साथ-साथ राहगीरों, रिक्शा चालकों और मजदूरों को शुद्ध एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध कराना है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सभी थाना प्रभारियों और चौकी इंचार्जों ने अपने-अपने थाना परिसर में मुख्य द्वार और फरियादी कक्ष के पास पानी की व्यवस्था कराई है। कहीं घड़े रखे गए हैं तो कहीं वॉटर कूलर लगाए गए हैं, ताकि तेज धूप और भीषण गर्मी में लोगों को राहत मिल सके। साथ ही साफ-सफाई, स्वच्छ ग्लास और ढके हुए बर्तनों की भी विशेष व्यवस्था की गई है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि पुलिसिंग केवल कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि मानवीय संवेदनाओं का ध्यान रखना भी पुलिस की जिम्मेदारी है। इसी सोच के तहत यह पहल शुरू की गई है, जिससे आम लोगों को गर्मी में पानी के लिए परेशान न होना पड़े। एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने कहा कि बढ़ती गर्मी को देखते हुए यह व्यवस्था जनहित में शुरू की गई है और यह चौबीसों घंटे आम लोगों के लिए उपलब्ध रहेगी। महराजगंज पुलिस की इस पहल की लोग सराहना कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें : तीन प्रतिशत कमीशन का खेल! महराजगंज में एक अधिकारी की कार्यशैली पर उठ रहे गंभीर सवाल : आरोप