
Maharajganj News : छत पर सो रही महिला से दरिंदगी, विरोध करने पर आरोपी ने नीचे फेंका
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के नगर महुआवा वार्ड में एक महिला के साथ हैवानियत की हद पार करने वाली घटना सामने आई है। रात में छत पर सो रही महिला के साथ छेड़छाड़ कर रहे युवक ने विरोध करने पर उसे छत से नीचे फेंक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात करीब 11:50 बजे गीता देवी नामक महिला अपने घर की छत पर मच्छरदानी लगाकर सो रही थी। तभी मोहल्ले का युवक अशोक निषाद चुपके से छत पर चढ़ आया और महिला के साथ अश्लील हरकत करने लगा। महिला ने जोर-जोर से चिल्लाना शुरू किया तो उसके जेठ धर्मेंद्र साहनी जाग गए और दौड़कर छत पर पहुंचे। महिला के चिल्लाने और जेठ के पहुंचने पर आरोपी बौखला गया और उसने महिला को गाली-गलौज करते हुए धक्का दे दिया, जिससे वह छत से नीचे जा गिरी। परिजन तुरंत महिला को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां उसे गंभीर हालत में आशा क्रिटिकल केयर अस्पताल में भर्ती किया गया है। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी अशोक निषाद के खिलाफ BNS की धारा 75(2), 115(2), और 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
यह भी पढ़ें : Maharajganj News :- कुछ ही घंटों में झूठी लूट का पुलिस ने किया खुलासा, ऑनलाइन गेमिंग में हारे पैसे छुपाने के लिए रची थी कहानी