महराजगंज पुलिस ने 48.50 किलो चरस के साथ तस्कर दबोचा, लग्जरी कार से हो रही थी सप्लाई
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- भारत-नेपाल सीमावर्ती क्षेत्र में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना परसामलिक पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। 19 फरवरी की देर रात वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक स्विफ्ट डिजायर कार से करीब 48.50 किलोग्राम चरस बरामद करते हुए चालक को गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार, जिले के परसामलिक थाना क्षेत्र में शिखुवानी शंकरपुर मोड़ पर पुलिस द्वारा सघन वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध स्विफ्ट डिजायर कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से भारी मात्रा में चरस बरामद हुई। पुलिस ने मौके से चालक राकेश यादव पुत्र स्व. रामनरेश यादव, निवासी शेखुवानी शंकरपुर, को गिरफ्तार कर लिया। बरामद चरस को पुलिस ने कब्जे में लेकर नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। समस्त वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण करते हुए अभियुक्त को माननीय न्यायालय के समक्ष रवाना किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है। इस मामले में तस्करी के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह खेप कहां से लाई गई थी और किसे सप्लाई की जानी थी। सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण यहां मादक पदार्थों की तस्करी की गतिविधियां समय-समय पर सामने आती रहती हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
यह भी पढ़ें : Maharajganj : भारत–नेपाल सीमा पर 6.2 किलो गांजा बरामद, थाईलैंड से अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क का खुलासा