हिरासत से फरार हुआ पॉक्सो आरोपी, दो पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- श्यामदेउरवा क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब पॉक्सो एक्ट के तहत गिरफ्तार एक आरोपी पुलिस हिरासत से फरार हो गया। आरोपी को न्यायालय में पेशी के बाद जेल भेजने की तैयारी चल रही थी, तभी अचानक हुई भीड़ और अफरा-तफरी का फायदा उठाकर वह पुलिसकर्मियों को चकमा देकर भाग निकला। घटना के बाद पुलिस महकमे में खलबली मच गई और जिलेभर में उसकी तलाश तेज कर दी गई है। जानकारी के अनुसार कुंदुर, कप्तानगंज (जनपद कुशीनगर) निवासी किशन 22वर्ष साहनी पुत्र रामहरि पर बीते दिसंबर माह में एक किशोरी को भगाने का आरोप लगा था। पीड़िता की मां की तहरीर पर 3 दिसंबर को उसके विरुद्ध पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। शनिवार को पुलिस ने आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर कस्टडी में लिया और न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेजने की प्रक्रिया में थी। इसी दौरान मौका पाकर वह फरार हो गया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कई टीमों का गठन किया। स्थानीय पुलिस के साथ एसओजी को भी सक्रिय किया गया है। जिले की सीमाओं पर नाकेबंदी कर बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और नेपाल सीमा की ओर जाने वाले मार्गों पर सघन चेकिंग की जा रही है।वहीं, लापरवाही बरतने के आरोप में उपनिरीक्षक विवेक कुमार सिंह की तहरीर पर हेड कांस्टेबल उदयभान कुशवाहा और होमगार्ड नंदकिशोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। फरार आरोपी के विरुद्ध भी अलग से मामला पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस का दावा है कि उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें : प्रेम संबंध बना मौत का कारण : प्रेमिका के घर से 700 मीटर दूर मिला प्रेमी का शव, पुलिस ने किया खुलासा