अपराध

टेलीग्राम पर “पैसा दुगुना” का झांसा देने वाला साइबर गैंग बेनकाब, 5 आरोपी और एक नाबालिग गिरफ्तार

 

8 महीने से सक्रिय गिरोह ने लाखों की ठगी को दिया अंजाम, फर्जी खातों के जरिए करते थे खेल

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच शातिर अभियुक्तों और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया है। गिरोह टेलीग्राम ग्रुप के जरिए लोगों को पैसा दुगुना-तिगुना करने का लालच देकर ठगी करता था। जिले में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में साइबर क्राइम थाना और निचलौल पुलिस की संयुक्त टीम ने इस संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया। यह कार्रवाई “प्रतिबिम्ब पोर्टल/हॉट स्पॉट” अभियान के अंतर्गत की गई। जांच के दौरान सामने आया कि गिरोह ने आगरा निवासी मुकुल निगम को टेलीग्राम ग्रुप में जोड़कर कम समय में पैसा दुगुना-तिगुना करने का लालच दिया और उससे करीब 7 लाख रुपये ठग लिए। आरोपियों ने अलग-अलग खातों में करीब 3.25 लाख रुपये मंगवाए और बाद में ATM व चेक के जरिए रकम निकाल ली। पुलिस के अनुसार गिरोह का सरगना रवि प्रताप सिंह था, जो स्थानीय जनसेवा केंद्रों और लोगों को कमीशन का लालच देकर बैंक खाते जुटाता था। इसके सहयोगी आकाश पटेल, विजय कुमार मौर्य, आशीष पांडेय, कार्तिकेय पटेल और एक नाबालिग थे। ये लोग पिछले 8 महीनों से सक्रिय होकर कई वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से 7 मोबाइल फोन, 7 ATM कार्ड, फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड, पासबुक, क्रेडिट कार्ड समेत एक कार बरामद की है। वहीं चार अन्य आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं। एसपी ने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन निवेश या पैसा दोगुना करने के झांसे में न आएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत 1930 हेल्पलाइन या साइबर थाने को दें।

यह भी पढ़ें : इंडो-नेपाल बॉर्डर पर पुलिस-SOG की बड़ी कार्रवाई, 5700 एम्पुल बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार; एसपी ने किया खुलासा