आम तोड़ने पर मासूम को मिली खौफनाक सजा, पेड़ से बांधकर की पिटाई
दंपति की क्रूरता कैमरे में कैद, वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने लिया एक्शन
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जिले के चौक थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां आम तोड़ने के आरोप में एक बच्चे को पेड़ से बांधकर बेरहमी से पीटा गया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी दंपति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। जिले में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। चौक थाना क्षेत्र के एक गांव में एक मासूम बच्चे को मामूली बात पर ऐसी सजा दी गई, जिसे सुनकर हर कोई सन्न रह गया। बताया जा रहा है कि बच्चा अपने दोस्तों के साथ खेलने के दौरान एक पेड़ से आम तोड़ रहा था, तभी पेड़ के मालिक ने उसे पकड़ लिया। आरोप है कि गुस्से में आकर दंपति ने बच्चे को पेड़ से बांध दिया और डंडों से उसकी पिटाई शुरू कर दी। बच्चे की चीखें सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। इस दौरान किसी ने पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे को छुड़ाकर सुरक्षित किया। पीड़ित के परिजनों की तहरीर पर आरोपी दंपति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें चालान कर दिया गया। हालांकि बाद में दोनों को जमानत मिल गई। पुलिस का कहना है कि मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है और किसी को भी कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
यह भी पढ़ें : इंडियन गैस एजेंसी पर हंगामा: ग्राहकों से मारपीट का वीडियो वायरल, 4 के खिलाफ मुकदमा दर्ज