‘लुटेरी दुल्हन’ गैंग पर पुलिस का शिकंजा, मास्टरमाइंड मालती समेत 4 गिरफ्तार
शादी का झांसा देकर ठगी, मुंह दिखाई के नाम पर ऐंठते थे पैसे और गहने
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- शादी के नाम पर ठगी करने वाले ‘लुटेरी दुल्हन’ गैंग का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि इस संगठित गिरोह की सरगना मालती समेत चार महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक पुरुष आरोपी अब भी फरार है। पुलिस जांच में सामने आया कि यह गिरोह बेहद शातिर तरीके से लोगों को अपना शिकार बनाता था। पहले किसी युवक की शादी तय कराई जाती, फिर ‘मुंह दिखाई’ और अन्य रस्मों के नाम पर पैसे और जेवर की मांग की जाती थी। इस दौरान अंजलिका नाम की युवती दुल्हन बनती थी, जबकि मालती रिश्तेदार बनकर पूरे घटनाक्रम को नियंत्रित करती थी। मुलाकात के समय मालती लड़के पक्ष को अलग-अलग बहानों से डराती-धमकाती और सामाजिक दबाव बनाकर नकदी व गहने ऐंठ लेती थी। गिरोह की अन्य महिलाएं भी रिश्तेदार बनकर इस ठगी को अंजाम देती थीं। पुलिस के मुताबिक, मालती के खिलाफ पहले से तीन मुकदमे दर्ज हैं, जिससे उसके आपराधिक इतिहास की भी पुष्टि हुई है। सामाजिक बदनामी के डर से कई पीड़ित शिकायत नहीं करते थे, जिससे गिरोह लंबे समय तक सक्रिय रहा। हालांकि हाल ही में एक पीड़ित की शिकायत के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए चारों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। एक अन्य पुरुष आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें : बारात में बवाल: डीजे पर डांस को लेकर भिड़े दो पक्ष, खुशियों में मची अफरा-तफरी