अपराध

प्रेम विवाह के बाद शुरू हुआ ‘रेप केस’ का खेल! जेल भेजने की धमकी देकर लाखों की उगाही करने वाली युवती गिरफ्तार

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जिले में पुलिस ने एक ऐसे मामले का खुलासा किया है, जिसने पूरे इलाके में चर्चा छेड़ दी है। सिन्दुरिया पुलिस ने एक युवती को गिरफ्तार किया है, जिस पर लोगों को झूठे रेप केस में फंसाने की धमकी देकर पैसे वसूलने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, घुघली थाना क्षेत्र की रहने वाली 24 वर्षीय जानकी ने पहले सूरज चौहान नामक युवक से प्रेम विवाह किया था। शादी के कुछ समय बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि इसके बाद युवती ने अपने पति सूरज चौहान और उसके रिश्तेदार अनिल चौहान के खिलाफ अपनी नाबालिग बहन के साथ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज करा दिया, जिससे दोनों को जेल जाना पड़ा। मामला यहीं नहीं रुका। शिकायतकर्ता सत्यदेव चौहान ने पुलिस को बताया कि युवती ने उन्हें और उनके बहनोई रामकेवल चौहान को भी रेप केस में फंसाने की धमकी दी। डर और बदनामी का फायदा उठाकर उसने पहले 40 हजार रुपये वसूल लिए और फिर एक-एक लाख रुपये की नई मांग शुरू कर दी। सूचना मिलने के बाद थाना सिन्दुरिया पुलिस सक्रिय हुई और मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। रविवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने युवती को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से नकद रुपये, कान की बाली और एक स्मार्टफोन बरामद हुआ। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, युवती के खिलाफ पहले से भी गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क और मामले की गहराई से जांच कर रही है। इलाके में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

यह भी पढ़ें : बारात में बवाल: डीजे पर डांस को लेकर भिड़े दो पक्ष, खुशियों में मची अफरा-तफरी