अपराध

सर्राफा व्यापारी पर हमला, लाखों के जेवर और बाइक लूटकर फरार हुए बदमाश

 

 

जंगल के रास्ते घर लौट रहे कारोबारी को बनाया निशाना, डंडों से पीटकर किया घायल

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जिले के पुरंदरपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम एक सर्राफा व्यापारी के साथ हुई लूट की सनसनीखेज वारदात से इलाके में दहशत फैल गई। बदमाशों ने सुनियोजित तरीके से व्यापारी को बीच रास्ते में रोककर बेरहमी से मारपीट की और लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात समेत बाइक लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में व्यापारियों में भारी आक्रोश है। जानकारी के मुताबिक लक्ष्मीपुर बाजार निवासी रंजीत सोनी (35) धनहिया चौराहे पर सोने-चांदी की दुकान चलाते हैं। रोज की तरह वह गुरुवार शाम करीब सात बजे दुकान बंद कर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह मल्हनी फुलवरिया के जंगल क्षेत्र के पास पहुंचे, पहले से घात लगाए बैठे चार से पांच बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। सभी हमलावर बाइक पर सवार बताए जा रहे हैं।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बदमाशों ने व्यापारी पर डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क किनारे गिर पड़े। इसके बाद आरोपी उनके पास मौजूद जेवरात और बाइक लूटकर मौके से फरार हो गए। आसपास के लोगों की मदद से घायल व्यापारी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लक्ष्मीपुर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सूचना मिलते ही पुरंदरपुर पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी मनोज कुमार राय ने बताया कि लूट और मारपीट की सूचना मिली है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है।

यह भी पढ़ें : दिनदहाड़े लूट की सूचना से मचा हड़कंप, जांच में निकला कुछ और