दहेज उत्पीड़न का आरोप: विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में जलकर मौत
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जनपद के सोनौली थाना क्षेत्र अंतर्गत खनूआ गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में जलकर मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतका की पहचान 24 वर्षीय उम्में साहिबा खातून पत्नी राज के रूप में हुई है। उसका मायका कोल्हुई क्षेत्र में बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक उम्में साहिबा की शादी करीब तीन वर्ष पहले हुई थी और उसकी डेढ़ वर्षीय एक बेटी भी है। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न और हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति और ससुराल वाले बुलेट बाइक खरीदने के लिए करीब तीन लाख रुपये की मांग कर रहे थे। आरोप है कि पति शराब के नशे में घर पहुंचकर अक्सर मारपीट करता था। परिजनों के अनुसार करीब डेढ़ वर्ष पहले भी मारपीट को लेकर दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया था। वहीं लगभग तीन माह पहले मुख्यमंत्री पोर्टल पर दहेज उत्पीड़न और मारपीट की शिकायत भी दर्ज कराई गई थी। शिकायत के बाद पति ने माफी मांगते हुए आगे ऐसी घटना न करने का भरोसा दिया था। मृतका के बड़े भाई अहमद अली ने पति, सास, ससुर मोहम्मद नईम, देवर और ननद पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि ननद का घर पर लगातार आना-जाना रहता था और आए दिन विवाद होता था।घटना के बाद परिजन गंभीर हालत में महिला को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
यह भी पढ़ें : ‘लुटेरी दुल्हन’ गैंग पर पुलिस का शिकंजा, मास्टरमाइंड मालती समेत 4 गिरफ्तार