अपराध

महराजगंज में एंटी करप्शन का बड़ा एक्शन, 20 हजार की रिश्वत लेते दो गिरफ्तार

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जनपद में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गोरखपुर की एंटी करप्शन (ट्रैप) टीम ने मंगलवार को सहकारी ग्राम विकास बैंक के दो कर्मचारियों को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। मंगलवार को दोपहर 12:45 बजे ट्रैप टीम ने कार्रवाई करते हुए हरिराम प्रसाद, सममति सहायक फील्ड ऑफिसर, उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक, महराजगंज तथा जय ओम, सममति डीड राइटर/चपरासी (अवैतनिक), शाखा महराजगंज को गिरफ्तार किया। बताया गया कि शिकायतकर्ता के पिता के ऋण (लोन) की दूसरी किस्त बैंक से जारी कराने के एवज में दोनों आरोपियों द्वारा 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई थी। शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम ने योजना बनाकर कार्रवाई की और दोनों को रिश्वत की रकम लेते समय रंगे हाथ पकड़ लिया। गिरफ्तारी की कार्रवाई नगर पंचायत चौक स्थित ठेकी चौराहा के पास एक दुकान से की गई। ट्रैप टीम ने मौके पर आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद आरोपियों को हिरासत में ले लिया। इस मामले में थाना कोतवाली चौक में मुकदमा दर्ज कराने एवं अन्य विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। एंटी करप्शन विभाग की इस कार्रवाई से सरकारी विभागों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के मामलों में आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

यह भी पढ़ें : बच्चों को आगे कर रची लूट की साजिश, पुलिस ने 7 दिन में किया गैंग का पर्दाफाश