अपराध

अपराधियों पर पुलिस का बड़ा प्रहार, दो माह में 49 पर गुंडा एक्ट और 11 पर गैंगस्टर की कार्रवाई

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में अप्रैल और मई 2026 के दौरान चलाए गए विशेष अभियान में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 49 अभियुक्तों के विरुद्ध गुंडा एक्ट तथा चार गैंगों से जुड़े 11 अभियुक्तों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार जनपद में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने तथा असामाजिक एवं आपराधिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों में ऐसे व्यक्तियों को चिन्हित किया गया जो लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं और समाज में भय एवं आतंक का वातावरण पैदा कर रहे थे। इनके विरुद्ध उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई की गई।इसके अलावा संगठित अपराध में लिप्त गिरोहों पर भी पुलिस ने शिकंजा कसते हुए चार गैंगों के 11 सदस्यों के खिलाफ उत्तर प्रदेश गैंगस्टर अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की। पुलिस का मानना है कि इस तरह की कार्रवाई से अपराधियों के मन में कानून का भय पैदा होगा और संगठित अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा।पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने जनपद के सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया है कि अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय अपराधियों की पहचान कर उनके खिलाफ प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अपराधियों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि जनपद में शांति, सुरक्षा और कानून का राज कायम रह सके।

यह भी पढ़ें : बच्चों को आगे कर रची लूट की साजिश, पुलिस ने 7 दिन में किया गैंग का पर्दाफाश