फर्जी अधिकारी बनकर 63 लाख की ठगी करने वाला गिरफ्तार, नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों को बनाता था शिकार
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- पुलिस ने फर्जी अधिकारी बनकर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी खुद को विभिन्न विभागों का वरिष्ठ अधिकारी बताकर लोगों को झांसे में लेता था और सरकारी नौकरी दिलाने तथा उच्च अधिकारियों से करीबी संबंध होने का दावा कर उनसे मोटी रकम वसूलता था। पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना ठूठीबारी पुलिस ने वांछित अभियुक्त विनीत कुमार सिंह को गिरफ्तार किया। आरोपी श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के बासपार कोठी गांव का निवासी है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और फर्जीवाड़े से संबंधित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज था।जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी ने कई लोगों को सरकारी नौकरी दिलाने का झूठा आश्वासन देकर लगभग 63 लाख रुपये की ठगी की है। वह खुद को प्रभावशाली अधिकारी बताकर लोगों का विश्वास जीतता था और उनसे धनराशि प्राप्त करता था। मामले के खुलासे के बाद से वह फरार चल रहा था, जिसकी पुलिस लगातार तलाश कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर ठूठीबारी पुलिस ने क्षेत्र में चेकिंग अभियान के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के समय उसके कब्जे से तीन आधार कार्ड, एक ड्राइविंग लाइसेंस और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस का मानना है कि इन दस्तावेजों और मोबाइल फोन का इस्तेमाल वह लोगों को भ्रमित करने तथा अपनी झूठी पहचान स्थापित करने के लिए करता था। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश कर दिया है। मामले में अन्य संभावित पीड़ितों और आरोपी के नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें : बेटे की मौत का बदला लेने के लिए बना हैवान, तांत्रिक को मौत के घाट उतार सड़क किनारे फेंकी लाश