अपराध

फरार अभियुक्त के घर पुलिस की मुनादी, ढोल-नगाड़ों के साथ चस्पा की गई कोर्ट की नोटिस

 

NBW जारी होने के बाद भी नहीं हुआ हाजिर, आत्मसमर्पण न करने पर होगी आगे की कानूनी कार्रवाई

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:-  जनपद में अपराधियों और वांछित अभियुक्तों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना परसामलिक पुलिस ने गुरुवार को न्यायालय के आदेश पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक फरार अभियुक्त के घर मुनादी कराकर धारा 84 बीएनएसएस की नोटिस चस्पा की। पुलिस ने ढोल-नगाड़ों के साथ गांव में उद्घोषणा कर अभियुक्त और उसके परिजनों को न्यायालय में हाजिर होने की चेतावनी दी। पुलिस के अनुसार थाना परसामलिक क्षेत्र के ग्राम घोडहवा निवासी विजयलाल यादव पुत्र स्वर्गीय रामवेलाश यादव मुकदमा अपराध संख्या 08/2026, धारा 137(2), 87 एवं 61(2) बीएनएस के मामले में लंबे समय से वांछित चल रहा है। अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पूर्व में माननीय न्यायालय द्वारा 23 फरवरी 2026 को गैर जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) जारी किया गया था, लेकिन इसके बावजूद वह लगातार फरार रहा और न्यायालय में उपस्थित नहीं हुआ।अभियुक्त के लगातार फरार रहने और कानून से बचने की कोशिशों को देखते हुए माननीय न्यायालय सिविल जज (प्रवर खंड) एफटीसी/अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, महराजगंज द्वारा 1 जून 2026 को उसके विरुद्ध धारा 84 बीएनएसएस के तहत उद्घोषणा आदेश जारी किया गया था। इसी आदेश के अनुपालन में गुरुवार को थाना परसामलिक पुलिस टीम गांव पहुंची और गवाहों की मौजूदगी में अभियुक्त के घर के मुख्य भाग पर न्यायालय की नोटिस चस्पा की। साथ ही गांव के सार्वजनिक स्थलों पर ग्रामीणों को एकत्र कर ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी कराई गई तथा उद्घोषणा की कार्रवाई पूरी की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि अभियुक्त निर्धारित समयावधि के भीतर न्यायालय अथवा पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण नहीं करता है तो उसके विरुद्ध आगे की कठोर वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में फरार अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश गया है।

यह भी पढ़ें : अवैध खनन पर महराजगंज में बड़ा एक्शन: 71 वाहन सीज, जेसीबी-डम्पर समेत ट्रैक्टर-ट्रॉली पर कार्रवाई