अपराध

नगर पालिका परिषद महराजगंज के चिउरहा वार्ड के सभासद पर मुकदमा दर्ज, जानिए क्या है मामला

 

पीड़ित महिला से सभासद पर पत्नी के इलाज के नाम पर एक लाख रुपये लेने का है आरोप

रुपये मांगने पर सभासद ने पीड़िता को दी जान से मारने की धमकी, कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:-  नगर पालिका परिषद महराजगंज के चिउरहा वार्ड के सभासद राणा पटेल के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया है। वार्ड की ही एक महिला ने सभासद पर उधार लिए गए रुपये वापस न करने, गाली-गलौज करने व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।चिउरहा वार्ड नंबर-1 की निवासी चन्दा देवी द्वारा न्यायालय में दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार चार फरवरी 2025 को सभासद राणा पटेल ने अपनी पत्नी के इलाज का हवाला देते हुए उनसे एक लाख रुपये उधार लिए थे। यह धनराशि चेक के माध्यम से दी गई थी। आरोप है कि सभासद ने अप्रैल 2025 तक रुपये लौटाने का आश्वासन दिया था, लेकिन तय समय बीत जाने के बाद भी धनराशि वापस नहीं की। पीड़िता का कहना है कि जब उन्होंने कई बार अपने रुपये मांगे तो आरोपित टालमटोल करता रहा। बाद में रुपये मांगने पर उसने गाली-गलौज की। खुद को प्रभावशाली नेता बताते हुए जान से मारने की धमकी दी। महिला ने पहले विधिक नोटिस भेजा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में भी वाद दायर किया लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। इसके बाद महिला ने न्यायालय की शरण ली। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने राणा पटेल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक निर्भय कुमार सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर आरोपित के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। विवेचना के उपरांत अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें : दारोगा के सामने भिड़े दो पक्ष, मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल