अपराध

कॉलेज की छत पर प्रशिक्षक की संदिग्ध मौत, सिर में गोली लगने से गई जान, जांच में जुटी पुलिस

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र स्थित रुद्रपुर भलुही के विश्व शांति निकेतन महाविद्यालय में कौशल विकास मिशन के एक प्रशिक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। शुक्रवार सुबह कॉलेज की छत पर उनका शव मिलने से परिसर में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान 25 वर्षीय अजय यादव पुत्र केशव यादव, निवासी कुस्महा बिरौली, थाना रामकोला, जनपद कुशीनगर के रूप में हुई है। वह पिछले कई महीनों से महाविद्यालय में कौशल विकास मिशन के तहत प्रशिक्षण देने का कार्य कर रहे थे। जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात गर्मी के कारण कॉलेज परिसर की छत पर कुछ लोग सो रहे थे। छात्रावास की छात्राएं और एक दाई भी छत पर कुछ दूरी पर मौजूद थीं। देर रात गोली चलने जैसी आवाज सुनाई दी, लेकिन किसी को घटना की जानकारी नहीं हो सकी। सुबह जब लोग छत पर पहुंचे तो अजय यादव खून से लथपथ पड़े मिले। उनके सिर में गोली लगी थी और शव के पास एक अवैध देशी पिस्टल भी बरामद हुई। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी सदर अंकुर गौतम, श्यामदेउरवा थाना प्रभारी सत्य प्रकाश सिंह तथा फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंचे और हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। सीओ अंकुर गौतम ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा होगा। साथ ही युवक के पास अवैध पिस्टल कैसे पहुंची, इसकी भी जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें : वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, गोह के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार