अपराध

महराजगंज में कुख्यात अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा, 3 जिला बदर, 1 को थाने में मासिक हाजिरी का आदेश

 

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महराजगंज पुलिस ने चार कुख्यात एवं आदतन अपराधियों के विरुद्ध उत्तर प्रदेश गुण्डा नियंत्रण अधिनियम, 1970 के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में जुलाई 2026 के दौरान चलाए गए विशेष अभियान में तीन अभियुक्तों को जिला बदर किया गया, जबकि एक अभियुक्त को छह माह तक प्रत्येक माह के प्रथम शनिवार को संबंधित थाने में अनिवार्य रूप से हाजिर होने का आदेश दिया गया है। इन अभियुक्तों पर समाज में भय और आतंक का माहौल बनाकर अवैध लाभ अर्जित करने तथा कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने के आरोप हैं। इनके विरुद्ध पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनके आपराधिक इतिहास और जनसुरक्षा पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव को देखते हुए धारा 3/4 उत्तर प्रदेश गुण्डा नियंत्रण अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। जिला बदर किए गए अभियुक्तों में कोतवाली क्षेत्र के पिपरा बाबू अंसारी टोला निवासी अजमल अंसारी, घुघली थाना क्षेत्र के रामपुर बलडीहा निवासी गुड्डू यादव उर्फ अनिल यादव तथा पनियरा थाना क्षेत्र के मंजूरी निवासी विद्यासागर शामिल हैं। वहीं ठूठीबारी थाना क्षेत्र के बेलवा निवासी श्रवण हरिजन को छह माह तक प्रत्येक माह के प्रथम शनिवार को थाना ठूठीबारी में स्वयं उपस्थित होकर हाजिरी दर्ज कराने का आदेश दिया गया है। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने कहा कि जनपद में संगठित अपराध, आदतन अपराधियों और समाज में भय का वातावरण पैदा करने वाले तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि ऐसे अपराधियों की पहचान कर उनके विरुद्ध समयबद्ध और कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि जिले में शांति, कानून-व्यवस्था और आमजन की सुरक्षा बनी रहे तथा पुलिस के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत हो।

यह भी पढ़ें : नेपाल बॉर्डर पर करोड़ों की मेथाक्वॉलोन ड्रग्स बरामद, मणिपुर की महिला गिरफ्तार