अपराध

महराजगंज पुलिस ने पांच महिलाओं समेत छह आरोपियों को दबोचा,दुकानदार को उलझातीं और उड़ा लेतीं जेवर

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- सर्राफा दुकानों में ग्राहक बनकर चोरी करने वाले अंतरजनपदीय महिला गिरोह का महराजगंज पुलिस ने पर्दाफाश किया है। बृजमनगंज थाना पुलिस ने गिरोह की पांच महिलाओं और एक ऑटो चालक को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के जेवर गलाकर बनाई गई पीली धातु की टिकिया, नकदी, मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त ऑटो बरामद हुआ है। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता में बताया कि बृजमनगंज थाना क्षेत्र की एक सर्राफा दुकान में धोखे से जेवर चोरी होने के बाद मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले के खुलासे के लिए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, गांडीव पोर्टल और तकनीकी साक्ष्यों के साथ कई जिलों में जांच का दायरा बढ़ाया। इसके बाद अंतरजनपदीय महिला चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। एसपी ने बताया कि गिरोह की सरगना मंजू है। उसके साथ गिरफ्तार अन्य चार महिलाएं उसकी रिश्तेदार और सहयोगी हैं, जबकि गिरोह का एकमात्र पुरुष सदस्य ऑटो चालक है। सभी आरोपी एक ही ऑटो से विभिन्न जनपदों में पहुंचकर सर्राफा दुकानों को निशाना बनाते थे। पूछताछ में खुलासा हुआ कि महिलाएं पहले ग्राहक बनकर दुकान में प्रवेश करती थीं। खरीदारी के बहाने दुकानदार को बातचीत में उलझाकर उनकी साथी मौका मिलते ही जेवर पार कर देती थी। वारदात के बाद पूरा गिरोह तुरंत वहां से निकल जाता था और अक्सर धार्मिक यात्राओं पर चला जाता था, ताकि किसी को उन पर शक न हो। चोरी किए गए जेवरों को तुरंत गलाकर पीली धातु की टिकिया बना दी जाती थी, जिससे उनकी पहचान पूरी तरह खत्म हो जाए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 5.57 ग्राम पीली धातु की टिकिया, चार मोबाइल फोन, 12,580 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त ऑटो बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि गिरोह के आपराधिक इतिहास और अन्य जिलों में की गई वारदातों की भी जांच की जा रही है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की गई है।

यह भी पढ़ें : हिस्ट्रीशीटर गैंग सूने मकानों को बनाता था निशाना, सीओ के नेतृत्व में पुलिस ने तीन शातिर चोर दबोचे