हिस्ट्रीशीटर गैंग सूने मकानों को बनाता था निशाना, सीओ के नेतृत्व में पुलिस ने तीन शातिर चोर दबोचे
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- पुरन्दरपुर थाना पुलिस ने चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी का सामान, दो अवैध तमंचे, सात जिंदा कारतूस और चोरी का माल बेचकर प्राप्त ₹20,420 नकद बरामद किया है। मुख्य आरोपी के खिलाफ पहले से 18 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई को हरैया रघुवीर गांव निवासी गंगाराम वर्मा अपने परिवार के साथ रिश्तेदारी में मुंडन समारोह में गए थे। इसी दौरान चोरों ने सूने मकान का ताला तोड़कर सिलाई मशीन, गैस सिलेंडर, जेवर, बर्तन और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित की तहरीर पर थाना पुरन्दरपुर में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी फरेन्दा दीपशिखा वर्मा के पर्यवेक्षण में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर गोविन्द उर्फ गोभी, दिनेश यादव और सुजीत यादव को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, सात कारतूस, दो गैस सिलेंडर, एक एलईडी टीवी, पीतल के बर्तन, पायल, अंगूठी, छह चांदी के सिक्के, तीन मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल और ₹20,420 नकद बरामद हुए। सीओ फरेन्दा दीपशिखा वर्मा ने बताया कि गिरोह बंद मकानों की रेकी कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। आरोपियों से पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिली हैं और उनके आपराधिक नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
यह भी पढ़ें : हिस्ट्रीशीटर गैंग सूने मकानों को बनाता था निशाना, सीओ के नेतृत्व में पुलिस ने तीन शातिर चोर दबोचे