8 साल की मासूम से छेड़छाड़ का आरोप, आक्रोशित परिजनों ने बुजुर्ग को पीटा; वीडियो वायरल, पॉक्सो में मुकदमा दर्ज
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जिले के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के एक गांव में आठ वर्षीय मासूम बच्ची से कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने 70 वर्षीय आरोपी बुजुर्ग की पिटाई कर दी। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने मामले में पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, आरोपी बुजुर्ग मासूम को बहला-फुसलाकर गांव के चौराहे पर स्थित एक मकान में ले गया, जहां उसके साथ कथित रूप से छेड़छाड़ की। घटना की जानकारी मिलते ही बच्ची की दादी मौके पर पहुंचीं और आरोपी की पिटाई कर दी। इस दौरान कुछ अन्य ग्रामीण भी मारपीट में शामिल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव करने के बजाय घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सूचना मिलते ही श्यामदेउरवा पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घायल बुजुर्ग को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल भेजा। घटना के बाद गांव में काफी देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। श्यामदेउरवा थानाध्यक्ष सत्प्रकाश सिंह ने बताया कि बच्ची के परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, वायरल वीडियो की भी पुलिस जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें : महराजगंज में इंटरनेशनल साइबर फ्रॉड का खुलासा: 32 स्लॉट वाले SIM Box से विदेशी कॉल बनती थी भारतीय, बिहार का आरोपी गिरफ्तार