अपराध

कथित प्रेम प्रसंग को लेकर विवाद, युवक का गला रेतकर हत्या; तीन लोग हिरासत में

 

खड़खोड़ा गांव में देर रात वारदात से मचा हड़कंप, पुलिस ने शुरू की जांच

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- बृजमनगंज थाना क्षेत्र के खड़खोड़ा गांव में रविवार रात कथित प्रेम प्रसंग को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। 28 वर्षीय युवक हजारी सहानी की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जानकारी के अनुसार, खड़खोड़ा निवासी हजारी सहानी पुत्र राजकुमार मछली पालन का काम करता था। रविवार रात करीब 8:30 बजे कुछ लोग उसके घर पहुंचे। बताया जा रहा है कि कथित प्रेम प्रसंग और पुराने विवाद को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। इसी दौरान हजारी पर धारदार हथियार से हमला कर उसका गला रेत दिया गया। गंभीर रूप से घायल हजारी को परिजन आनन-फानन में सीएचसी लोटन, सिद्धार्थनगर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हत्या की खबर फैलते ही गांव में सनसनी फैल गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के मुताबिक, हजारी का गांव की ही एक युवती से कथित प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी बात को लेकर पहले भी विवाद हो चुका था। पुलिस इसी एंगल समेत अन्य पहलुओं पर जांच कर रही है। बृजमनगंज थाना प्रभारी मदन मोहन मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। तहरीर और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें : पकड़ी रेंज में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध कटान करते एक गिरफ्तार