अपराध

नेपाल बॉर्डर पर नौ लाख का ‘लावारिस’ माल बरामद, पुलिस-राजस्व टीम की बड़ी कार्रवाई

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सोनौली पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने गश्त और चेकिंग के दौरान लावारिस हालत में करीब नौ लाख रुपये कीमत का कॉस्मेटिक उत्पाद और खाद्यान्न बरामद किया। बरामद सामान को कस्टम अधिनियम के तहत कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय नौतनवा को सौंप दिया गया है। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश और अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के मार्गदर्शन में सोनौली पुलिस तथा राजस्व टीम सीमा क्षेत्र में लगातार गश्त और संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी कर रही थी। इसी दौरान टीम को लावारिस हालत में भारी मात्रा में सामान मिला। कोई व्यक्ति सामान पर अपना दावा करने के लिए मौके पर नहीं पहुंचा, जिसके बाद टीम ने उसे कब्जे में ले लिया। बरामदगी में 80 ग्राम के क्लोजअप टूथपेस्ट के 1,728 पीस, 150 ग्राम के क्लोजअप टूथपेस्ट के 1,728 पीस, 100 ग्राम के पेप्सोडेंट टूथपेस्ट के 288 पीस और 25 ग्राम की फेयर एंड लवली क्रीम के 6,336 पीस शामिल हैं। इसके अलावा मक्का की तीन बोरियां भी मिली हैं। बरामद पूरे सामान की अनुमानित कीमत करीब नौ लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस के मुताबिक बरामद सामान को कस्टम अधिनियम की धारा 113 के तहत चालान कर अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय नौतनवा को सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस और राजस्व विभाग की इस कार्रवाई को सीमा क्षेत्र में तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में अहम माना जा रहा है। कार्रवाई करने वाली टीम में सोनौली चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक उमाकान्त सरोज, कांस्टेबल शिवाकान्त सिंह, रोशनलाल प्रजापति तथा नायब तहसीलदार नौतनवा सौरभ श्रीवास्तव मय राजस्व टीम शामिल रही।

यह भी पढ़ें : तीन मासूमों की मौत में बड़ी कार्रवाई: ठेकेदार गिरफ्तार, गैर इरादतन हत्या के केस में भेजा गया जेल