अपराध

नेपाल जाने से पहले पकड़ी गई नशे की बड़ी खेप, 4,350 इंजेक्शन के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- नशीले इंजेक्शन की तस्करी का नेटवर्क किस तरह सीमा पार तक फैला है, इसका खुलासा श्यामदेउरवा में हुई पुलिस कार्रवाई से हुआ है। पुलिस, SWAT और SOG की संयुक्त टीम ने नेपाल भेजी जा रही 4,350 नशीले इंजेक्शन की बड़ी खेप पकड़ ली। पिकअप में छिपाकर ले जाए जा रहे इंजेक्शन के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में व्हाट्सएप कॉल के जरिए ऑर्डर और बैंक खातों में भुगतान किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार 13 अगस्त की रात करीब 11:30 बजे सूचना मिली थी कि गोरखपुर-पिपराइच की तरफ से पिकअप में नशीले इंजेक्शन लादकर परतावल के रास्ते नेपाल भेजे जाएंगे। सूचना के बाद टीम ने बसहिया मोड़ के पास घेराबंदी की। संदिग्ध पिकअप को रोककर तलाशी ली गई तो नीले रंग के प्लास्टिक बोरे में कागज के गत्तों के बीच इंजेक्शन छिपाए गए थे। तलाशी में CEREJACK DIAZEPAM के 2,000 और BUPRENORPHINE के 2,350 इंजेक्शन मिले। सभी इंजेक्शन दो-दो एमएल के हैं। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल पिकअप और दो एंड्रॉइड मोबाइल फोन भी कब्जे में लिए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जाकिर हुसैन निवासी लोहरौली, गोविंद प्रसाद और सचिन निवासी जमुईकला, थाना ठूठीबारी के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बिहार के टिंकविल उर्फ पिंकू से व्हाट्सएप कॉल के जरिए नशीले इंजेक्शन का ऑर्डर लिया जाता था और भुगतान बताए गए बैंक खातों में किया जाता था। पुलिस के मुताबिक जाकिर और गोविंद हिस्ट्रीशीटर हैं। दोनों के खिलाफ पूर्व में NDPS समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। मामले में श्यामदेउरवा थाने में NDPS Act की धारा 8/22(c)/23(c) के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को न्यायालय भेजा जा रहा है।

यह भी पढ़ें : रेलवे मेठ पर जानलेवा हमला, पत्नी को अगवा कर दुष्कर्म; आरोपी गिरफ्तार