जोगिया गांव में महाविद्यालय मार्ग पर नशे की हालत में मिली किशोरी, बोलेरो की चर्चा से फैली सनसनी
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- घुघली क्षेत्र के जोगिया गांव में महाविद्यालय जाने वाले मार्ग पर सोमवार दोपहर एक किशोरी नशे की हालत में पड़ी मिली। किशोरी को सड़क किनारे अचेत अवस्था में देखकर राहगीरों और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घटना की जानकारी फैलते ही पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों के बीच चर्चा रही कि तीन युवक बोलेरो वाहन से किशोरी को वहां छोड़कर फरार हो गए। हालांकि इस संबंध में पुलिस ने किसी भी तरह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और किशोरी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुघली भेजा। चिकित्सकीय परीक्षण के दौरान किशोरी के नशे की हालत में होने की बात सामने आई। उपचार के बाद उसे उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। घुघली थानाध्यक्ष सूरज कुमार ने बताया कि एक किशोरी नशे की हालत में मिली थी, जिसका उपचार कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। बोलेरो वाहन से लाकर छोड़ने की चर्चा की पुष्टि नहीं हुई है। मामले की जांच की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं। किशोरी नशे की हालत में वहां कैसे पहुंची और उसके साथ क्या हुआ, इसे लेकर लोगों के बीच सवाल बने हुए हैं। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें : सीओ के नेतृत्व में फरेंदा पुलिस का बड़ा एक्शन, 60 लीटर कच्ची शराब बरामद, 20 कुंतल लहन नष्ट; चार गिरफ्तार