अपराध

प्रेम पोखरा मेले में दो गुटों में भिड़ंत, जमकर चले लात-घूसे, मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- फरेंदा थाना क्षेत्र के प्रेम पोखरा स्थित मेला परिसर में रविवार को युवकों के दो गुट किसी बात को लेकर आमने-सामने आ गए। कहासुनी के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई। देखते ही देखते मेला परिसर में लात-घूसे चलने लगे, जिससे वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि मेले में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। इसी दौरान युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ और दोनों पक्ष एक-दूसरे से भिड़ गए। मारपीट के दौरान कुछ लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास भी किया, लेकिन काफी देर तक दोनों पक्षों के बीच हाथापाई होती रही। घटना का वीडियो किसी व्यक्ति ने मोबाइल से बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक एक-दूसरे के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, महाराजगंज टाइम्स वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है। घटना की सूचना मिलते ही फरेंदा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को अलग कराकर स्थिति को शांत कराया। पुलिस के पहुंचने के बाद मेला परिसर में हालात सामान्य हुए। पुलिस ने वायरल वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। फरेंदा थाना अध्यक्ष राघवेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में छह लोगों का धारा 151 के तहत चालान किया गया है। पुलिस विवाद की वजह और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें : कथित प्रेम प्रसंग को लेकर विवाद, युवक का गला रेतकर हत्या; तीन लोग हिरासत में