नशा मुक्ति के लिए छात्राओं ने निकाली जागरूकता रैली, नुक्कड़ नाटक से दिया संदेश
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- रामरेखा राय गंगा राय महिला महाविद्यालय, राजीव नगर में चल रहे सात दिवसीय विशेष शिविर के तृतीय दिवस पर सोमवार को नशा मुक्ति अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर की गई। इस अवसर पर छात्राओं ने नशा मुक्ति को लेकर भाषण, गीत, कविता, गजल और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से समाज को जागरूक करने का प्रयास किया। भाषण प्रतियोगिता में वंदना चौरसिया, पुष्पलता गौतम, सिद्धि तिवारी और प्रार्थना जायसवाल ने अपने विचार प्रस्तुत किए। वहीं नीतू ने नशा मुक्ति पर गीत प्रस्तुत किया। कविता का पाठ करीना ने किया, जबकि साक्षी ओझा ने गजल के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों को दर्शाया। इसके अलावा पुष्पलता, प्रार्थना, सिद्धि, रिमझिम, वंदना चौरसिया और प्रीति प्रजापति ने नुक्कड़ नाटक के जरिए नशे से होने वाले नुकसान और उससे दूर रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम के बाद स्वयंसेविकाओं द्वारा महाविद्यालय परिसर से मलिन बस्ती होते हुए चौराहे तक जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के दौरान छात्राओं ने “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो”, “नशा मुक्त समाज हमारा लक्ष्य” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। रैली को देखकर आसपास के लोग भी नशा मुक्ति के प्रति जागरूक होते दिखाई दिए। कार्यक्रम के अंत में कार्यक्रम अधिकारी अशोक कुमार शर्मा ने कहा कि नशा समाज और आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहद घातक है। इससे बचने के लिए जागरूकता बेहद जरूरी है। उन्होंने छात्राओं से समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। इस दौरान महाविद्यालय के शिक्षक व कार्यक्रम अधिकारी आलोक कुमार पांडे, विवेक कुमार मौर्य, सूर्यनारायण जायसवाल, संदीप पांडे, विकास पटेल, रानो अग्रहरि, मनीष लाल, पुष्पांजलि और जुगलावती सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें : बिना काउंसलिंग ढाई सौ शिक्षकों का समायोजन, नियमों की उड़ाई धज्जियां,सीडीओ करेंगे जांच, बीएसए से मांगी गई रिपोर्ट