सीएटीसी-162 प्रशिक्षण शिविर के लिए एनसीसी कैडेट्स रवाना, नेतृत्व व अनुशासन का मिलेगा प्रशिक्षण
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- पं. दीन दयाल इंटर कॉलेज, महराजगंज के एनसीसी कैडेट्स सीएटीसी-162 (कम्बाइंड एनुअल ट्रेनिंग कैंप) में प्रतिभाग करने के लिए गुरुवार को फरेंदा स्थित परमेश्वर सिंह मेमोरियल पीजी कॉलेज के लिए रवाना हुए। शिविर में कॉलेज के एनसीसी अधिकारी राकेश कुमार साहनी भी कैडेट्स के साथ शामिल हुए। यह प्रशिक्षण शिविर 102 यूपी बटालियन एनसीसी, गोरखपुर के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। शिविर के दौरान कैडेट्स को ड्रिल, मैप रीडिंग, हथियार संचालन, व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, साहसिक गतिविधियों और सामाजिक सेवा सहित विभिन्न विषयों का व्यावहारिक एवं सैद्धांतिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य कैडेट्स में राष्ट्रभक्ति, आत्मविश्वास, नेतृत्व कौशल, अनुशासन और सेवा भावना का विकास करना है, ताकि वे भविष्य में जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपनी भूमिका निभा सकें।रवाना होने से पहले एनसीसी अधिकारी राकेश कुमार साहनी ने कैडेट्स को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे पूरे मनोयोग और अनुशासन के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करें तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपने विद्यालय, 102 यूपी बटालियन एनसीसी गोरखपुर और जनपद महराजगंज का नाम रोशन करें। उन्होंने कैडेट्स से शिविर में सीखने के प्रत्येक अवसर का भरपूर लाभ उठाने का आह्वान किया।
यह भी पढ़ें : ताइक्वांडो में पैरामाउंट का परचम: 13वीं डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में 20 पदक जीतकर छात्रों ने बढ़ाया मान