Education

मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में फरेंदा के खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन, दो ने जीता स्वर्ण, प्रदेश के लिए किया क्वालीफाई

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- कुशीनगर के रविंद्र नगर स्थित जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित मंडल स्तरीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में विकासखंड फरेंदा के पूर्व माध्यमिक विद्यालय भारी वैसी के छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन कर जनपद का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में विद्यालय की जूनियर बालक हैंडबॉल टीम उपविजेता बनी। कराटे प्रतियोगिता में 20–25 किलोग्राम भार वर्ग (बालक) में सूरज तथा 35–40 किलोग्राम भार वर्ग (बालिका) में अमृशा ने स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया। वहीं विभिन्न भार वर्गों में विकास, सनी, अंश, चंदा, रंजनी और प्रीति ने रजत पदक हासिल कर जिले का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता के दौरान विद्यालय के सहायक अध्यापक बलराम यादव और कराटे कोच विवेक सिंह खिलाड़ियों के साथ मौजूद रहे। विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक निलांबुज मालवीय, सहायक अध्यापक विजय प्रताप पांडे, दुर्गेश पांडे, शैलेश अग्रहरि एवं अशोक ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं। खंड शिक्षा अधिकारी अग्नित कुमार और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सुरजीत कुमार सिंह ने इस उपलब्धि पर खिलाड़ियों, शिक्षकों और अभिभावकों को बधाई देते हुए इसे जनपद के लिए गर्व का क्षण बताया।

यह भी पढ़ें : विज़न एकेडमी में छात्र नेतृत्व परिषद का शपथ ग्रहण, नवमनोनीत पदाधिकारियों ने संभाली जिम्मेदारी