प्रभातफेरी में गूंजे देशभक्ति के नारे, तिरंगे के रंग में रंगा पं. दीनदयाल इंटर कॉलेज
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- पं. दीनदयाल इंटर कॉलेज में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर में भव्य ध्वजारोहण के बाद छात्र-छात्राओं और शिक्षक-कर्मचारियों ने राष्ट्रगान गाया। इस दौरान पूरा परिसर देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। कार्यक्रम के तहत निकाली गई प्रभातफेरी में एनसीसी कैडेट्स और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर विद्यार्थियों ने देशभक्ति के नारे लगाए, जिससे शहर का माहौल राष्ट्रप्रेम से सराबोर हो गया। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत विद्यालय में भी तिरंगे के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना देखने को मिली। समारोह में विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, सामूहिक नृत्य, भाषण और लघु नाटक प्रस्तुत कर स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद किया। प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया। विद्यालय के प्रबंधक विजयबहादुर सिंह ने कहा कि देश की आजादी को बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से एकता, अनुशासन और राष्ट्रहित की भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। प्रधानाचार्य डॉ. शैलेन्द्र प्रताप सिंह ने भी विद्यार्थियों को स्वतंत्रता के मूल्यों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि वरिष्ठ समाजसेवी दलजीत सिंह, पूर्व प्रधानाचार्य रामइंद्र चक्रवर्ती, शमशुल हुदा, रामकेश गुप्ता, निदेशक दुर्गेश सिंह, विवेक सिंह, आकाश सिंह समेत शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें : सीएटीसी-162 प्रशिक्षण शिविर के लिए एनसीसी कैडेट्स रवाना, नेतृत्व व अनुशासन का मिलेगा प्रशिक्षण