द पैरामाउंट एकेडमी में धूमधाम से मनी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, नन्हें राधा-कृष्ण ने मोह लिया सबका मन
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- स्थानीय द पैरामाउंट एकेडमी में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर नजर आया। रंग-बिरंगे फूलों, गुब्बारों और आकर्षक झांकियों से विद्यालय को विशेष रूप से सजाया गया था। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्री-प्राइमरी और प्राथमिक वर्ग के नन्हें-मुन्ने बच्चे रहे। भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी की मनमोहक वेशभूषा में सजे बच्चों ने अपनी आकर्षक प्रस्तुति से सभी का दिल जीत लिया। बाल-गोपाल के रूप में सजे बच्चों ने श्रीकृष्ण के जन्म, माखन चोरी और उनकी बाल लीलाओं से जुड़ी सुंदर झलकियां प्रस्तुत कीं। इस दौरान आयोजित मटकी फोड़ प्रतियोगिता में भी बच्चों ने उत्साह के साथ भाग लिया। बच्चों की प्रतिभा और मनमोहक प्रस्तुतियों को देखकर शिक्षक और अभिभावक भी भावविभोर नजर आए। विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती नेहा सिंघानिया ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी केवल एक पर्व नहीं, बल्कि सत्य, धर्म और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देने वाला अवसर है। ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम बच्चों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और नैतिक मूल्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम का समापन बाल-गोपाल को भोग लगाने, माखन-मिश्री का प्रसाद वितरण और राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी, विद्यार्थी एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें : मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में फरेंदा के खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन, दो ने जीता स्वर्ण, प्रदेश के लिए किया क्वालीफाई