माँ के बाद शिक्षक ही बच्चे की प्रथम पाठशाला, पं. दीनदयाल इंटर कॉलेज में धूमधाम से मनाया गया शिक्षक दिवस
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- नगर स्थित पं. दीनदयाल इंटर कॉलेज में शनिवार को शिक्षक दिवस बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह में शिक्षकों के योगदान को याद करते हुए उन्हें सम्मान दिया गया। संस्था के संस्थापक विजय बहादुर सिंह ने कहा कि माँ के बाद शिक्षक ही बच्चे की प्रथम पाठशाला होता है। जिस प्रकार एक माँ अपने स्नेह और संस्कारों से बच्चे के विकास के लिए निरंतर प्रयास करती है, उसी प्रकार शिक्षक भी प्रेमपूर्वक विद्यार्थियों की कमियों को दूर कर उन्हें आदर्श नागरिक बनाने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि समाज को एक जिम्मेदार और आदर्श नागरिक देने में शिक्षक की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।कार्यक्रम की शुरुआत देश के द्वितीय राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण और श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। संस्था के संस्थापक विजय बहादुर सिंह, प्रधानाचार्य डॉ. शैलेन्द्र प्रताप सिंह सहित शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उन्हें नमन किया। प्रधानाचार्य डॉ. शैलेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि समाज में गुरु का स्थान ईश्वर से भी ऊँचा माना गया है। यह स्थान शिक्षकों के त्याग, समर्पण और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता के कारण प्राप्त हुआ है। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने अपनी कक्षाओं में केक काटकर शिक्षक दिवस मनाया। विद्यार्थियों ने शिक्षकों को कलम, डायरी सहित विभिन्न उपहार भेंट कर शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। विद्यालय परिसर पूरे दिन उत्साह और उल्लास के माहौल में सराबोर रहा।
यह भी पढ़ें : प्रभातफेरी में गूंजे देशभक्ति के नारे, तिरंगे के रंग में रंगा पं. दीनदयाल इंटर कॉलेज