Health

जटिल स्थिति में डॉक्टर की सूझबूझ, बिना ऑपरेशन जुड़वा बच्चों का सुरक्षित जन्म

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जटिल चिकित्सीय परिस्थितियों में एक सराहनीय सफलता सामने आई है, जहां डॉक्टर की सूझबूझ और कुशलता से बिना ऑपरेशन के जुड़वा बच्चों का सुरक्षित जन्म कराया गया। मामला सिद्धार्थनगर जनपद के लखनपुर गांव की निवासी मंजू प्रजापति (पत्नी राजू प्रजापति) से जुड़ा है। जानकारी के अनुसार, गर्भावस्था के दौरान महिला की स्थिति बेहद नाजुक थी। गर्भ में एक बच्चा सीधी स्थिति में था, जबकि दूसरा उल्टी अवस्था में था। इसके अलावा महिला पीलिया रोग से भी पीड़ित थीं, जिससे जोखिम और बढ़ गया था। प्रारंभ में सिद्धार्थनगर में इलाज चल रहा था, लेकिन हालत गंभीर होने पर उन्हें महराजगंज रेफर किया गया। यहां कई जगह परामर्श के बाद सर्जरी की सलाह दी गई और अंततः मेडिकल कॉलेज भेजने की तैयारी थी। इसी दौरान परिजन महिला को निचलौल रोड स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर अन्वेषिका श्रीवास्तव ने चुनौती स्वीकार करते हुए बिना ऑपरेशन सामान्य प्रसव कराने का निर्णय लिया। उनकी मेहनत और अनुभव के चलते महिला ने सुरक्षित रूप से एक बेटे और एक बेटी को जन्म दिया। जच्चा और दोनों बच्चे पूरी तरह स्वस्थ बताए जा रहे हैं। डॉक्टर का कहना है कि अब जिले में ही जटिल महिला रोगों का बेहतर इलाज उपलब्ध है। आधुनिक सुविधाओं और विशेषज्ञता के कारण मरीजों को बड़े शहरों का रुख करने की आवश्यकता कम होती जा रही है। यह सफलता स्थानीय स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एक सकारात्मक संकेत मानी जा रही है।

यह भी पढ़ें : Maharajgnj News: जिला स्वास्थ्य समिति बैठक : 5 एएनएम व 1 सीएचओ की बर्खास्तगी, कई अफसरों पर नोटिस