सीएचसी परतावल की व्यवस्था पर उठे सवाल, वायरल वीडियो में इमरजेंसी सेवा पर लापरवाही के आरोप
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो : जिले के परतावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) की स्वास्थ्य सेवाएं एक बार फिर चर्चा में हैं। शनिवार सुबह करीब 7 बजे अस्पताल की इमरजेंसी व्यवस्था को लेकर एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसमें अस्पताल में डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मियों के मौजूद न होने का दावा किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार अर्जुन साहनी नामक युवक की तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे इलाज के लिए सीएचसी परतावल लेकर पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि इमरजेंसी में काफी देर तक कोई डॉक्टर या कंपाउंडर मौजूद नहीं था, जिससे मरीज को समय पर उपचार नहीं मिल सका। मरीज की माता रंभा देवी, पिता बहादुर साहनी और मामा राजू साहनी समेत अन्य परिजन अस्पताल में मदद के लिए इंतजार करते रहे।इसी दौरान एक युवक द्वारा करीब 52 सेकंड का वीडियो बनाया गया, जिसमें वह अस्पताल के विभिन्न कमरों और इमरजेंसी वार्ड को दिखाते हुए यह दावा करता नजर आ रहा है कि अस्पताल में कोई स्वास्थ्यकर्मी मौजूद नहीं है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं।
हालांकि, महराजगंज टाइम्स इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
मामले में सीएचसी अधीक्षक अमित कुमार ने कहा कि वीडियो को गलत तरीके से प्रस्तुत किया जा रहा है। उनके अनुसार इमरजेंसी में डॉक्टर मौजूद थे और अन्य चिकित्सकीय कर्मचारी भी ड्यूटी पर तैनात थे। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी। गौरतलब है कि हाल ही में जिले के नवागत जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने जिला अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य विभाग को सख्त निर्देश दिए थे। डीएम ने कहा था कि जिले के सभी सीएचसी और पीएचसी पर मरीजों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। साथ ही डॉक्टरों और कर्मचारियों की समय से उपस्थिति तथा इमरजेंसी सेवाओं में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश भी दिए गए थे। ऐसे में परतावल सीएचसी का यह वायरल वीडियो स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
यह भी पढ़ें : Maharajgnj News -: अड्डा बाजार सीएचसी होगा हाईटेक, कैबिनेट ने पीपीपी मॉडल को दी मंजूरी