International

समुद्री मार्ग से भारत में घुसपैठ, नेपाल जाने से पहले बॉर्डर पर पकड़ा गया श्रीलंकाई नागरिक

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- इंडो–नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता के चलते अवैध घुसपैठ का एक और मामला सामने आया है। सोनौली स्थित इमिग्रेशन चेक पोस्ट पर चेकिंग के दौरान एक श्रीलंकाई नागरिक को अवैध रूप से भारत में प्रवेश कर नेपाल जाने की कोशिश करते हुए गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ विदेशी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधीक्षक व इमिग्रेशन विभाग के उच्चाधिकारियों के निर्देश पर भारत–नेपाल सीमा पर लगातार निगरानी और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 20 दिसंबर 2025 की रात करीब 9:45 बजे सोनौली कस्बे में इमिग्रेशन चेक पोस्ट पर इमिग्रेशन अधिकारी रोहित सिंह एवं आव्रजन अधिकारी विशाल यादव की टीम ने एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका। पूछताछ और जांच में उसकी पहचान श्रीलंकाई नागरिक केनेडी राजेन्द्रम (52 वर्ष), निवासी सेंट जोसेफ मवाथा, एताकल, नेगाम्बो, श्रीलंका के रूप में हुई। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी समुद्री मार्ग के जरिए अवैध रूप से भारत में दाखिल हुआ था और बिना किसी वैध दस्तावेज के नेपाल जाने का प्रयास कर रहा था। आवश्यक दस्तावेज न पाए जाने पर आरोपी को हिरासत में लेकर थाना सोनौली को सौंप दिया गया। थाना सोनौली में उसके खिलाफ मु0अ0सं0 123/2025 धारा 14A विदेशी अधिनियम 1946 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस और इमिग्रेशन विभाग ने स्पष्ट किया कि अंतरराष्ट्रीय सीमा पर अवैध घुसपैठ रोकने के लिए कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

यह भी पढ़ें : भारत में प्रवेश के दौरान श्रीलंकाई नागरिक गिरफ्तार,जांच में जुटा इमीग्रेशन विभाग