
नवागत डीएम ने पहले दिन कलेक्ट्रेट परिसर का किया निरीक्षण, बोले... वित्तीय व आचरण संबंधी भ्रष्टाचार कत्तई स्वीकार नहीं
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जिले के नवागत जिलाधिकारी अनुनय झा द्वारा जनपद में अपने पहले कार्यदिवस के दिन कलेक्ट्रेट के अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ बैठक कर परिचय प्राप्त किया और आवश्यक दिशा निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने सभी उपस्थित अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया और उनके दायित्वों की जानकारी ली। उन्होंने स्वयं अपना परिचय भी सभी लोगों को दिया। परिचय के उपरांत जिलाधिकारी ने कहा कि जनसामान्य में सरकारी कर्मियों के विषय मे सामान्य धारणा होती है कि सरकारी कर्मी भ्रष्ट व शिथिल होते हैं और कार्य को लटकाकर रखते हैं। मैं उम्मीद करता हूँ कि जनपद महराजगंज में इस प्रकार की शिकायत नहीं प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि वित्तीय अथवा आचरण संबंधी भ्रष्टाचार कतई स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी लोग अपने कार्यालय में आने वाले फरियादियों के प्रति संवेदनशील बने और उनकी समस्याओं का यथासंभव निस्तारण करें और अगर निस्तारण में कोई समस्या है तो फरियादी को उसके विषय मे अवगत कराएं, लेकिन अनावश्यक रूप से फरियादी को न लौटाएं। जिलाधिकारी ने कहा कि हम अपने कार्यालय आने वाले कर्मियों के प्रति वही व्यवहार रखें, जिसकी अपेक्षा हम किसी कार्यालय में जाते समय खुद के लिए या अपने परिवारजनों के लिए करते हैं। कहा कि कर्मी कार्य को टाले नहीं बल्कि प्राथमिकता के आधार पर करें। जिलाधिकारी का जनपद में स्वागत करते हुए अपर जिलाधिकारी ने उन्हें आश्वस्त किया कि उनके द्वारा दिये गए निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन तत्काल प्रभाव से सभी अधिकारी व कर्मचारी सुनिश्चित करेंगे और उनके निर्णयों को धरातल पर उतारने का पूरा प्रयास करेंगे। उसके बाद कलेक्ट्रेट परिसर का निरीक्षण किया निरीक्षण के दौरान उन्होंने आपदा कंट्रोल कक्ष, ई-डिस्ट्रिक्ट कार्यालय, एडीएम न्ययालय, एसडीएम सदर कार्यालय व न्यायालय, मुख्य राजस्व लेखाकार कार्यालय, संयुक्त कार्यालय, राजस्व अभिलेखागार, एनआईसी आदि कार्यलयों का निरीक्षण किया। उन्होंने राजस्व अभिलेखागार जनपद में परगनाओं, राजस्व ग्रामों और शजरा की संख्या की जानकारी ली। साथ ही शजरा नक्शों का अवलोकन भी किया। खनन कार्यालय के निरीक्षण के दौरान जिला खनिज कोष में मौजूद धनराशि की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने कुछ जगहों पर अपर्याप्त प्रकाश व्यवस्था मिलने पर तत्काल उचित प्रकाश का प्रबंध करने का निर्देश दिया। उन्होंने शौचालय को भी देखा और बेहतर साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा। उन्होंने सभी कार्यालयों को स्वच्छ व व्यवस्थित रखने और कार्यालयों में उपयुक्त डस्टबिन रखने के लिए कहा। जिलाधिकारी के साथ अपर जिलाधिकारी डॉ पंकज वर्मा, अपर जिलाधिकारी महेंद्र प्रताप, प्रशासनिक अधिकारी श्रीनाथधर दुबे, नाजिर वेद प्रकाश मिश्रा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें : मनरेगा में धांधली का कमाल,खरीफ़ के मौसम में उगाई जा रही रबी की फसल