Maharajganj

Maharajganj Road accident : शादी समारोह से लौट रहे वृद्ध की सड़क हादसे में मौत, बाइक चालक घायल

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो :- सदर कोतवाली क्षेत्र में फरेंदा रोड पर मंगलवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार वृद्ध की मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा सिसवा अमहवा गांव के पास हुआ, जब एक अज्ञात तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। मृतक घायल का रिश्ते में जीजा बताया जा रहा है।
पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के खालिकगढ़ निवासी रामनयन साहनी (60) अपने साले साहब साहनी (45) के साथ सदर कोतवाली क्षेत्र के रेहाव से चेहरी टोला बाहुबलिया गए थे। वहां से मंगलवार की शाम करीब 7 बजे दोनों बाइक से वापस लौट रहे थे। जब वे सिसवा अमहवा गांव के पास पहुंचे, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात चार पहिया वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में रामनयन साहनी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि साहब साहनी गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

परिवार में मचा कोहराम
रामनयन साहनी अपने परिवार के साथ खालिकगढ़ में रहते थे। उनके परिवार में पत्नी बिंद्रावत और दो बेटे बसंत और पप्पू हैं। दोनों बेटों की शादी हो चुकी है और वे चेन्नई व लुधियाना में रहकर काम करते हैं। रामनयन घर पर रहकर खेती-किसानी करते थे। इस हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। सदर कोतवाल सत्येंद्र कुमार रॉय ने बताया कि पुलिस को घटना की सूचना मिली है। अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है।
 

यह भी पढ़ें : महराजगंज में भारत-नेपाल मैत्री महोत्सव, कला और संस्कृति का अद्भुत संगम