
महराजगंज महोत्सव 2025: रंग, रोशनी और सुरों की जादुई शामों से सजेगा शहर, महोत्सव में आ रहे बॉलीवुड और भोजपुरी के मशहूर सितारे
यूफोरिया बैंड, अंकित तिवारी और कल्पना पटवारी की शानदार प्रस्तुतियों से झूमेगा महराजगंज — पद्मश्री कवि सम्मेलन बनेगा आकर्षण का केंद्र
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- दीपावली से पहले महराजगंज इस बार संगीत, रोशनी और उत्सव के रंगों में रंगने को तैयार है। महराजगंज महोत्सव 2025 का आयोजन इस बार 31 अक्टूबर से 2 नवंबर तक बड़े पैमाने पर किया जा रहा है। हर साल बारिश के कारण पड़ने वाली दिक्कतों को देखते हुए आयोजन की तारीख आगे बढ़ाई गई ताकि आयोजन पूरे उल्लास के साथ संपन्न हो सके। महोत्सव की शुरुआत इस बार राष्ट्रीय एकता दिवस 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल जयंती के अवसर पर होगी। उद्घाटन दिवस पर लेजर शो के माध्यम से एकता और राष्ट्रनिर्माण की थीम पर भव्य प्रस्तुति दी जाएगी। इसी शाम देश का लोकप्रिय यूफोरिया बैंड अपनी ऊर्जावान प्रस्तुति से दर्शकों को झूमने पर मजबूर करेगा। वहीं असित त्रिपाठी अपने सुपरहिट गीत ‘तेरा इंतजार’ से मंच पर सुरों का जादू बिखेरेंगे और दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे। 1 नवंबर को बॉलीवुड नाइट में मशहूर पार्श्वगायक अंकित तिवारी अपने सुपरहिट गीतों ‘सुन रहा है ना तू’, ‘गलियां’ और ‘तू है कि नहीं’ से श्रोताओं को सुरमयी सफर पर ले जाएंगे। 2 नवंबर को भोजपुरी नाइट के साथ कार्यक्रम का समापन होगा , जिसमें भोजपुरी की सुरकोकिला कल्पना पटवारी अपने दमदार प्रदर्शन से दर्शकों का दिल जीतेंगी। इसी दिन पद्मश्री कवि सम्मेलन में देश के चर्चित कवि अपने शब्दों से माहौल को जोशीला बनाएंगे।जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि यह महोत्सव जिले की कला, संस्कृति और स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने का प्रयास है।तीन दिनों तक महराजगंज में रोशनी, संगीत और संस्कृति का ऐसा संगम होगा जो हर दिल को जोड़ देगा।
यह भी पढ़ें : मनरेगा में धांधली का कमाल,खरीफ़ के मौसम में उगाई जा रही रबी की फसल