Maharajganj

जोगिया में आज आएंगे सीएम योगी, करेंगे मूर्ति अनावरण और शामिल होंगे मांगलिक कार्यक्रम में

 

गुरु गोरक्षनाथ मंदिर का करेंगे अनावरण , पूर्व चेयरमैन के घर पहुंचेंगे मांगलिक कार्यक्रम में

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आज महराजगंज के जोगिया क्षेत्र में विशेष दौरा प्रस्तावित है। यहां वे पहले जोगिया पीजी कॉलेज में मूर्ति का अनावरण करेंगे, उसके बाद मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज शनिवार को महराजगंज के घुघली क्षेत्र के जोगिया में दो महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे। उनके आगमन को लेकर प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता कर दी गई है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सबसे पहले जोगिया पीजी कॉलेज पहुंचेंगे, जहां गुरु गोरक्षनाथ मंदिर में स्थापित मूर्ति का अनावरण करेंगे। समारोह के लिए कॉलेज परिसर को सजाया गया है, मंच और सुरक्षा व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा चुका है। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनने के लिए उत्सुक हैं। अनावरण कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पूर्व चेयरमैन वीरेन्द्र सिंह के आवास पर जाएंगे। यहां उनके परिवार में आयोजित मांगलिक कार्यक्रम में वे बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। पूर्व चेयरमैन की नातिन की शादी के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री लगभग 40 मिनट रुकेंगे और परिवार को शुभकामनाएँ देंगे। सीएम के पूरे दौरे को लेकर प्रशासन ने रूट प्लान से लेकर ट्रैफिक व सुरक्षा तक सभी तैयारियाँ पूरी कर ली हैं। अधिकारियों द्वारा लगातार निरीक्षण किया जा रहा है ताकि दोनों कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न हो सकें।

यह भी पढ़ें : मनरेगा में धांधली का कमाल,खरीफ़ के मौसम में उगाई जा रही रबी की फसल