Maharajganj

परतावल में धान खरीद की बड़ी पड़ताल—डीएम–एडीएम की संयुक्त कार्रवाई, किसानों की समस्याएँ होंगी जल्द दूर

 

कई केंद्रों पर तौल जारी, भुगतान लगभग पूरा—लक्ष्य समय पर हासिल करने के निर्देश

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जिले में धान खरीद व्यवस्था को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और अपर जिलाधिकारी (वि/रा) डॉ. प्रशांत कुमार ने बुधवार को परतावल क्षेत्र में कई धान क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने किसानों से सीधा संवाद करते हुए खरीद, भुगतान, भंडारण और अंश निर्धारण की समस्याओं पर जानकारी ली और त्वरित समाधान का आश्वासन दिया। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने परतावल मंडी के तृतीय और चतुर्थ धान क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया, जहां क्रमशः 43 किसानों से 167.24 मीटर टन और 45 किसानों से 131.76 मीटर टन धान की खरीद हो चुकी थी। निरीक्षण के दौरान कृषक गंगा उपाध्याय, राजेंद्र मिश्रा और उन्नय मिश्रा का धान तौला जा रहा था। किसानों ने बताया कि पंजीकरण और धान विक्रय प्रक्रिया में उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं हुई है। डीएम ने केंद्र प्रभारियों से खरीद की वास्तविक स्थिति जानी। परतावल मण्डी प्रथम, द्वितीय और कृषि उत्पादन मंडी समिति के केंद्रों पर भी धान की तौल सुचारू रूप से चल रही थी। कुछ किसानों ने अंश निर्धारण की समस्या बताई, जिस पर जिलाधिकारी ने कहा कि इस संबंध में शासन को अवगत करा दिया गया है और समाधान शीघ्र कराया जाएगा। उन्होंने खरीद की गति बढ़ाने और किसानों को धान बिक्री हेतु प्रेरित करने के निर्देश दिए। इसी क्रम में एडीएम डॉ. प्रशांत कुमार ने सहकारी संघ खेमपिपरा, बी–पैक्स दरौली और बेलवा टिकर केंद्रों का निरीक्षण किया। खेमपिपरा में 100 किसानों से 3601 कुंतल खरीद और 94 किसानों को भुगतान पूरा हो चुका था। गोदाम भर जाने पर एडीएम ने मिलों से तत्काल उठान सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। दरौली और बेलवा टीकर केंद्रों पर भी सभी किसानों को भुगतान किया जा चुका था और तौल निरंतर जारी थी। अपर जिलाधिकारी ने केंद्र प्रभारियों को खरीद पंजिका अद्यतन रखने, ऑनलाइन प्रविष्टि समय से करने और चेकलिस्ट के अनुरूप सुविधाएँ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि धान खरीद प्रक्रिया को लक्ष्य के अनुरूप और समय पर पूरा किया जाएगा तथा किसानों को किसी भी स्तर पर असुविधा नहीं होने दी जाएगी। इस दौरान जिला विपणन अधिकारी विवेक कुमार सिंह, एआर कोऑपरेटिव सुनील गुप्ता और सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी भी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें : मनरेगा में धांधली का कमाल,खरीफ़ के मौसम में उगाई जा रही रबी की फसल