Maharajganj

उत्तर प्रदेश में आईजीआरएस निस्तारण के शीर्ष पर फरेंदा और निचलौल तहसील, संयुक्त रूप से मिला प्रथम स्थान

 

सुशासन व पारदर्शिता का उदाहरण बनी दोनों तहसीलें; फरेंदा को लगातार दूसरी बार सफलता

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जन शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को लेकर जारी प्रदेश स्तरीय रैंकिंग में महराजगंज जिले की फरेंदा और निचलौल तहसील ने शानदार प्रदर्शन करते हुए संयुक्त रूप से उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है। गत माह केवल फरेंदा तहसील ने यह उपलब्धि पाई थी, जबकि इस बार निचलौल ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का मान बढ़ाया है। जिलाधिकारी सन्तोष कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में उप जिलाधिकारी फरेंदा शैलेन्द्र गौतम, उप जिलाधिकारी निचलौल सिद्धार्थ गुप्ता, तहसीलदार निचलौल अमित सिंह तथा दोनों तहसीलों की समूची राजस्व टीम ने आईजीआरएस शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह उल्लेखनीय उपलब्धि अर्जित की। निर्धारित एसओपी के अनुसार प्रत्येक शिकायत का मौके पर राजस्व व पुलिस टीम द्वारा सत्यापन, शिकायतकर्ता से वार्ता और उपजिलाधिकारी द्वारा रैंडम जांच सुनिश्चित की जाती है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि किसी भी स्थिति में आईजीआरएस मामलों में लापरवाही न हो और निस्तारण पूरी पारदर्शिता के साथ समयसीमा में किया जाए। दोनों तहसीलों के अधिकारियों ने बताया कि शिकायतकर्ता ही नहीं, बल्कि प्रतिपक्ष से भी वार्ता कर संतुष्टि सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है। जिलाधिकारी ने फरेंदा, निचलौल की टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि सुशासन व जनसेवा के प्रति जिले की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अन्य तहसीलें भी इससे प्रेरणा लेंगी। नवंबर माह में फरेंदा में 93 में से 91 शिकायतकर्ता संतुष्ट रहे, जबकि निचलौल में 60 में से 57 ने निस्तारण को लेकर संतोष व्यक्त किया।

यह भी पढ़ें : मनरेगा में धांधली का कमाल,खरीफ़ के मौसम में उगाई जा रही रबी की फसल