एम-पैक्स सदस्यता महाभियान 2025 में महराजगंज बना प्रदेश का सिरमौर, मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी को किया सम्मानित
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- एम-पैक्स सदस्यता महाभियान 2025 में शानदार प्रदर्शन के लिए महराजगंज जनपद को प्रदेश स्तर पर विशेष सम्मान मिला है। लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित सहकारिता विभाग के युवा सहकार सम्मेलन 2025 में मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ ने जनपद की इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। एम-पैक्स सदस्यता महाभियान 2025 के तहत महराजगंज ने प्रदेश में सर्वाधिक 1.22 लाख नए सदस्यों को जोड़कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके साथ ही 28 हजार किसानों को ऑनलाइन सदस्य बनाकर जनपद ने एक और कीर्तिमान स्थापित किया। यह उपलब्धि निर्धारित लक्ष्य से चार गुना से अधिक रही, जिसने महराजगंज को प्रदेश में सहकारिता आंदोलन का अग्रणी जिला बना दिया। अभियान की सफलता के पीछे जिलाधिकारी के नेतृत्व में सहकारिता विभाग की सशक्त रणनीति रही। किसानों को “कृषक पंजिका” से जोड़ते हुए उर्वरक वितरण को शत-प्रतिशत इससे लिंक किया गया, जिससे पारदर्शिता और सुगमता बढ़ी। इस पहल के बाद किसानों में समितियों की सदस्यता को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। जनपद में सक्रिय 96 सहकारी समितियों के माध्यम से ग्राम स्तर पर जागरूकता शिविर, विशेष कैंप, डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग और ऑनलाइन सदस्यता सुविधा उपलब्ध कराई गई। इससे युवा किसानों की भागीदारी भी उल्लेखनीय रूप से बढ़ी। प्रति पैक्स औसतन 1300 से अधिक नए सदस्य जोड़कर महराजगंज ने एक और रिकॉर्ड अपने नाम किया। एआर कोऑपरेटिव सुनील कुमार गुप्ता ने बताया कि सदस्यता का उद्देश्य किसानों को संस्थागत ऋण, खाद-बीज, कृषि यंत्र, विपणन और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना है। जिलाधिकारी ने कहा कि सशक्त पैक्स से किसान आत्मनिर्भर बनेंगे और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। महराजगंज का यह मॉडल प्रदेश के अन्य जिलों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा।
यह भी पढ़ें : मनरेगा में धांधली का कमाल,खरीफ़ के मौसम में उगाई जा रही रबी की फसल