जिले की रैंकिंग प्रभावित होते ही डीएम ने दिखाई सख्ती, लिपिक निलंबित मचा हड़कंप
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- आईजीआरएस रैंकिंग में गिरावट सामने आते ही जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई कर दी। शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पाए जाने पर राजस्व लिपिक दशरथ प्रसाद को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया, जिससे तहसील परिसर में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार जनवरी माह में आईजीआरएस पोर्टल पर 10 आवेदन समय से अपलोड नहीं किए गए। परिणामस्वरूप सभी प्रकरण डिफाल्टर श्रेणी में चले गए और इसका सीधा असर जनपद की रैंकिंग पर पड़ा। जनवरी माह की रैंकिंग में महराजगंज 29वें स्थान पर पहुंच गया। इतना ही नहीं, दिसंबर माह में भी एक प्रकरण विलंब से अपलोड किया गया था, जिसे प्रशासन ने गंभीर लापरवाही माना। जिलाधिकारी ने उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक नियमावली, 1999 के तहत कार्रवाई करते हुए संबंधित लिपिक को निलंबित कर नौतनवा से संबद्ध कर दिया है। वहीं पर्यवेक्षणीय शिथिलता के मामले में एसडीएम निचलौल और तहसीलदार निचलौल से स्पष्टीकरण तलब किया गया है। डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि आईजीआरएस शिकायतों की जांच आख्या निर्धारित समय सीमा के भीतर पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड की जाए। इसके लिए विस्तृत चेकलिस्ट जारी कर निगरानी व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश भी दिए गए हैं। प्रशासन की इस कार्रवाई से साफ संदेश गया है कि शिकायत निस्तारण में लापरवाही अब किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
यह भी पढ़ें : बढ़ती बेरोजगारी व मंहगाई को लेकर गठबंधन प्रत्याशी ने बोला सरकार पर हमला,बोले भाजपा देती है सिर्फ जुमला