महाशिवरात्रि को लेकर डीएम–एसपी ने संभाली कमान, इटहिया व कटहरा शिव मंदिर का किया निरीक्षण
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- गुरुवार को महाशिवरात्रि पर्व को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने इटहिया पंचमुखी महादेव शिव मंदिर तथा कटहरा शिव मंदिर का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने श्रद्धालुओं के आवागमन मार्ग, पार्किंग व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कंट्रोल रूम तथा सुरक्षा प्रबंधों का गहन अवलोकन किया। मेले में संभावित भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस व्यवस्था सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए गए। मंदिर परिसर में भीड़ नियंत्रण एवं सुरक्षा के लिए 47 सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए गए हैं, जिनकी मॉनिटरिंग कंट्रोल रूम से की जाएगी। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी विशेष दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने मेले में लगने वाली दुकानों को सुव्यवस्थित ढंग से लगाने, मूल्य दर एक समान रखने तथा खाद्य पदार्थों की नियमित जांच सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने, विद्युत तारों को नंगा या नीचे न रखने तथा केवल केबल तारों के प्रयोग के निर्देश दिए, ताकि किसी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके। एसडीएम को मंदिर परिसर के कचरे से जैविक खाद बनाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने तैनात पुलिसकर्मियों को जलाभिषेक कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने तथा भीड़ प्रबंधन के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए। मंदिर परिसर व आसपास पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, मोबाइल शौचालय, पेयजल एवं अग्निशमन व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। कटहरा शिव मंदिर में दुकानों को व्यवस्थित करने एवं नवनिर्मित सामुदायिक शौचालय को श्रद्धालुओं हेतु खोलने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण उपरांत दोनों अधिकारियों ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर जनपदवासियों को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। इटहिया मंदिर में जिलाधिकारी ने ध्यान केंद्र/वाचनालय का फीता काटकर उद्घाटन भी किया। निरीक्षण के दौरान संबंधित प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें : बढ़ती बेरोजगारी व मंहगाई को लेकर गठबंधन प्रत्याशी ने बोला सरकार पर हमला,बोले भाजपा देती है सिर्फ जुमला