राष्ट्रीय आविष्कार अभियान में उभरी नन्हे वैज्ञानिकों की प्रतिभा, पाक कला में भी दिखा हुनर
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो :- जिज्ञासा आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने और छात्र-छात्राओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय आविष्कार अभियान तथा रसोइया पाक कला प्रतियोगिता के अंतर्गत जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन एक लान में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं मुख्य विकास अधिकारी महेन्द्र प्रताप सिंह सहित अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में हुआ। राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत आयोजित क्विज प्रतियोगिता में सभी ब्लॉकों से 100 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। दो चरणों में संपन्न प्रतियोगिता के बाद शीर्ष पांच का चयन साक्षात्कार के माध्यम से किया गया। क्विज में प्रथम स्थान अभिषेक सहानी (कंपोजिट विद्यालय बरवा खुर्द), द्वितीय अंकित कुमार (उच्च प्राथमिक विद्यालय कुसहा बृजमनगंज), तृतीय रितिका निषाद (कंपोजिट विद्यालय बरगदवा), चतुर्थ रामकेश गोंड (कंपोजिट विद्यालय खैराठी नौतनवा) तथा पांचवां स्थान अमित वर्मा (उच्च प्राथमिक विद्यालय बरवा राजा मिठौरा) ने प्राप्त किया। विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता में परतावल की गरिमा ने ‘जीवन रक्षक छड़ी व सुसाइड अलार्म’ मॉडल के साथ प्रथम स्थान हासिल किया। द्वितीय स्थान पनियार की अनुष्का (स्मार्ट स्कूल मॉडल), तृतीय घुघली के अभिषेक (लिफ्ट सुरक्षा प्रणाली), चतुर्थ सिसवा के विवेक (ऑटोमेटिक टोलगेट) तथा पांचवां घुघली के अंकित (रिवर क्लीनर) को मिला। मॉडलों का मूल्यांकन सुनील भारती, प्रियंका एवं दिनेश कुमार गुप्ता ने किया। रसोइया पाक कला प्रतियोगिता में 50 रसोइयों ने प्रतिभाग किया। मोहनगढ़ बृजमनगंज के बर्फीलाल को प्रथम, बड़हरा खास सदर की जिनकी देवी को द्वितीय तथा कला खुर्द केवलापुर खुर्द की चंपा देवी को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। प्रतियोगिता के दौरान जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं मुख्य विकास अधिकारी महेन्द्र प्रताप सिंह ने पाक कला का निरीक्षण भी किया और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। निर्णायक की भूमिका में अनामिका पांडेय और डॉ. प्रीति श्रीवास्तव रहीं। जिला बेसिक अधिकारी रिद्धि पांडेय ने नवाचार और स्मार्ट क्लास व आईसीटी लैब के प्रभावी उपयोग पर बल दिया। “हमारे आंगन हमारे बच्चे” कार्यक्रम के अंतर्गत उत्कृष्ट शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सुपरवाइजर्स को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन अरविंद जायसवाल और अंकुर सच्चर ने किया।
यह भी पढ़ें : बढ़ती बेरोजगारी व मंहगाई को लेकर गठबंधन प्रत्याशी ने बोला सरकार पर हमला,बोले भाजपा देती है सिर्फ जुमला