महराजगंज में दबिश से लौट रही पुलिस की स्कॉर्पियो हादसे का शिकार, दरोगा की मौत
तड़के कतरारी में भीषण टक्कर, कई पुलिसकर्मी घायल
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जिले के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के जालसाजी के मामले में दबिश देकर लौट रही पुलिस टीम की स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में एक दरोगा की मौत हो गई, जबकि अन्य पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। मिली जानकारी के अनुसार रामगढ़ताल थाना की पुलिस टीम जालसाजी प्रकरण में कार्रवाई कर वापस लौट रही थी। तड़के करीब पांच बजे कतरारी इलाके के पास चालक को झपकी आने से वाहन अनियंत्रित हो गया। स्कॉर्पियो पहले डिवाइडर पर चढ़ी और फिर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वाहन में एसएसआई रमेश चंद्र कुशवाहा, दरोगा संतोष कुमार, महिला दरोगा गीता, चालक सहित अन्य पुलिसकर्मी सवार थे। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद स्थानीय पुलिस और राहत टीम ने घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया।गंभीर रूप से घायल दरोगा संतोष कुमार को बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। एसएसआई और महिला दरोगा की हालत नाजुक बताई जा रही है, जबकि चालक खतरे से बाहर है। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मेडिकल कॉलेज पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें : बढ़ती बेरोजगारी व मंहगाई को लेकर गठबंधन प्रत्याशी ने बोला सरकार पर हमला,बोले भाजपा देती है सिर्फ जुमला