महराजगंज में प्रेमी से शादी की जिद: मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती, घंटों चला हाई वोल्टेज ड्रामा
निचलौल थाना क्षेत्र की घटना, परिजनों ने दूसरी जगह तय की थी शादी; प्रेमी को नेपाल से बुलाने पर नीचे उतरी युवती
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जिले के निचलौल थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब युवती अपने प्रेमी से शादी की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ गई। युवती के इस कदम से तीन गांवों के लोग और पुलिस प्रशासन घंटों तक परेशान रहे। बताया जा रहा है कि युवती का पड़ोसी गांव के एक युवक से पिछले कई वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों एक-दूसरे से शादी करना चाहते थे, लेकिन युवक के परिजनों ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी। इसकी जानकारी मिलते ही युवती ने भावावेश में आकर अपनी जान जोखिम में डालने का फैसला कर लिया। शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे युवती घर से निकल गई थी। उसके पिता के अनुसार वह सहरी बनाकर घर से निकली थी। सुबह लगभग 7 बजे ग्रामीणों ने युवती को मोबाइल टावर पर चढ़ा देखा तो तत्काल 112 नंबर पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पीआरबी 6326 और थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और परिजनों ने काफी देर तक युवती को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ी रही। इस बीच पता चला कि उसका प्रेमी नेपाल चला गया है। पुलिस ने तत्काल संपर्क कर युवक को बुलवाया। युवक के मौके पर पहुंचने और शादी का भरोसा देने के बाद युवती टावर से नीचे उतरने को तैयार हुई। करीब तीन घंटे चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया और युवती को सकुशल घर भेज दिया। घटना को लेकर क्षेत्र में दिनभर चर्चा का माहौल बना रहा।
यह भी पढ़ें : बढ़ती बेरोजगारी व मंहगाई को लेकर गठबंधन प्रत्याशी ने बोला सरकार पर हमला,बोले भाजपा देती है सिर्फ जुमला