महराजगंज में रसोई व व्यवसायिक गैस की किल्लत पर गरमाई राजनीति, सपा ने डीएम को सौंपा ज्ञापन
आपूर्ति बाधित होने से घरों में चूल्हे ठंडे, होटल-ढाबों का कामकाज भी प्रभावित;कालाबाजारी पर कार्रवाई की मांग
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो : जिले में रसोई गैस और व्यवसायिक गैस की बढ़ती किल्लत को लेकर अब राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के नेताओं ने इस समस्या को गंभीर बताते हुए जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सौंपकर गैस आपूर्ति जल्द सुचारू कराने की मांग की है। समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों का कहना है कि पिछले कई दिनों से जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति समय से नहीं हो पा रही है। उपभोक्ताओं को गैस बुक कराने के बाद भी कई-कई दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा है, जिससे हजारों घरों में चूल्हे ठंडे पड़ने की नौबत आ गई है। सपा नेताओं ने कहा कि सिर्फ घरेलू उपभोक्ता ही नहीं बल्कि व्यवसायिक गैस की कमी से होटल, ढाबे और छोटे खाद्य प्रतिष्ठान भी बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। कई जगहों पर होटल संचालकों को मजबूरी में कामकाज सीमित करना पड़ रहा है, जबकि कुछ दुकानदारों के सामने प्रतिष्ठान बंद करने की स्थिति तक बन रही है।पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि गैस एजेंसियों की मनमानी और कालाबाजारी के कारण स्थिति और गंभीर हो गई है। उनका कहना है कि कई स्थानों से गैस सिलेंडर ऊंचे दामों पर बेचे जाने की शिकायतें मिल रही हैं, जिससे आम उपभोक्ताओं की परेशानियां बढ़ती जा रही हैं। सपा पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी से मांग की कि जनपद में रसोई गैस और व्यवसायिक गैस की नियमित आपूर्ति तत्काल सुनिश्चित कराई जाए। साथ ही गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि इस समस्या के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए। नेताओं ने कहा कि गैस बुकिंग के बाद उपभोक्ताओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर सिलेंडर उपलब्ध कराया जाना चाहिए और एजेंसियों की मनमानी पर प्रभावी रोक लगाई जानी चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन इस जनसमस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द ठोस कदम उठाएगा, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
यह भी पढ़ें : बढ़ती बेरोजगारी व मंहगाई को लेकर गठबंधन प्रत्याशी ने बोला सरकार पर हमला,बोले भाजपा देती है सिर्फ जुमला